

धमतरी। जिले में भूमि विवादों, सीमांकन और बटांकन से जुड़ी बढ़ती समस्याओं को देखते हुए कलेक्टर ने निर्णय लिया है।अब जिला अंतर्गत आने वाले ग्रामों में बिना विधिवत ऑनलाइन नक्शा बटांकन के जमीन पंजीयन नहीं किया जाएगा।कलेक्टर ने बताया कि जिले में ऑनलाइन पंजीयन के बाद स्वतः नामांतरण की प्रक्रिया लागू है, लेकिन कई मामलों में केवल पटवारी के नजरी नक्शा के आधार पर दस्तावेज तैयार किए जा रहे थे। इस कारण भविष्य में जमीन के रकबे और सीमांकन को लेकर गंभीर त्रुटियां सामने आने की आशंका बनी रहती है, जिससे पक्षकारों के बीच विवाद और न्यायालयीन प्रकरण बढ़ते हैं।इसी स्थिति को सुधारने के लिए निर्देश जारी किया गया है कि परिवर्तित शीट भूमि और बटांकन योग्य खसरों को छोड़कर अन्य किसी भी राजस्व भूमि का पंजीयन अब बिना ऑनलाइन नक्शा बटांकन के नहीं होगा।इससे जिले में राजस्व अभिलेखों की शुद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।


