
6.35 किमी सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ
धमतरी। धमतरी विधानसभा के डुबान क्षेत्र में हल्बा मेन रोड से मोंगरागहन होते हुए कोडेगांव बी बारगरी तक 6.35 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण की मांग को लेकर मोनिका ऋषभ देवांगन के प्रयासों से बड़ी सफलता मिली है।यह मार्ग वर्षों से जर्जर अवस्था में था, जिसके कारण क्षेत्रवासियों को आवागमन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।देवांगन ने इस जनसमस्या को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों से निरंतर पत्राचार एवं संवाद किया तथा शासन स्तर पर प्रस्ताव को स्वीकृति दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।उनके अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप सड़क निर्माण के लिए प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना अंतर्गत 1.3187 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्राप्त हुई। जिनका विधिवत भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम उनके करकमलों द्वारा संपन्न किया गया, जिसके साथ ही निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया है।देवांगन ने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। बेहतर सड़क सुविधा से ग्रामीणों को आवागमन में सुगमता मिलेगी, कृषि उपज के परिवहन में तेजी आएगी, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा आपातकालीन सेवाओं की पहुंच सुदृढ़ होगी।क्षेत्र के ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने इस महत्वपूर्ण विकास कार्य के लिए देवांगन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सड़क निर्माण क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर सिद्ध होगा।


