

कलेक्टर ने निर्माण कार्य का किया निरीक्षण, गुणवत्ता व समयसीमा पर दिया विशेष जोर
धमतरी। नगरी विकासखंड में फुटहामुड़ा नहर निर्माण परियोजना अब तेज गति से आगे बढ़ रही है।यह क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है, जिससे किसानों के जीवन में स्थायी और सकारात्मक परिवर्तन की उम्मीद है।कलेक्टर आज प्रातः ग्राम फुटहामुड़ा पहुंचकर निर्माण कार्य की प्रगति का निरीक्षण किया।उपस्थित अधिकारियों से तकनीकी जानकारी ली तथा निर्माण गुणवत्ता, कार्य की गति और समय सीमा की समीक्षा की।इस दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों और किसानों से सीधे बातचीत कर उनकी अपेक्षाओं और सुझावों को भी जाना।कलेक्टर ने परियोजना को नगरी क्षेत्र के लिए मील का पत्थर बताते हुए कहा कि फुटहामुड़ा नहर परियोजना किसानों को दीर्घकालीन सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराएगी।यह नहर का निर्माण गंगरेल जलाशय के सैंडल डैम, ग्राम फुटहामुड़ा से प्रारंभ होकर लगभग 19.74 किलोमीटर लंबाई में किया जा रहा है। परियोजना पूर्ण होने पर नगरी विकासखंड के 22 ग्रामों के लगभग 1940 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र को सुनिश्चित सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।इससे रबी फसलों का रकबा बढ़ेगा और किसानों की उत्पादन क्षमता में वृद्धि होगी।


