
नगरी क्षेत्र को सिंचाई में नई संजीवनी
धमतरी। नगरी विकासखंड में बहुप्रतीक्षित फुटहामुड़ा नहर निर्माण परियोजना गति से आगे बढ़ रही है।यह महत्वाकांक्षी परियोजना क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने वाले तथा किसानों के जीवन में स्थायी सकारात्मक बदलाव आने की उम्मीद है।फुटहामुड़ा नहर का निर्माण गंगरेल जलाशय के सैंडल डैम, ग्राम फुटहामुड़ा से प्रारंभ होकर लगभग 19.74 किलोमीटर लंबाई में किया जा रहा है।परियोजना के पूर्ण होने पर 22 ग्रामों के लगभग 1940 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।इससे खरीफ के साथ-साथ रबी फसलों का रकबा भी बढ़ेगा और किसानों की उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।परियोजना के क्रियान्वयन में प्रशासनिक स्तर पर भी प्रगति हो चुकी है।मुख्य नहर से प्रभावित भूमि का भू-अर्जन पूर्ण कर लिया गया है।साथ ही निर्माण कार्य में आने वाली प्रशासनिक बाधाएं दूर हो गई हैं, जिससे कार्य अब गति से आगे बढ़ रहा है।जिला प्रशासन एवं जल संसाधन विभाग द्वारा बताया गया कि यह परियोजना केवल सिंचाई सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिलेगी।कलेक्टर ने परियोजना को नगरी क्षेत्र के लिए मील का पत्थर बताते हुए कहा,यह किसानों के लिए दीर्घकालीन लाभ देने वाली योजना है। प्रशासन की प्राथमिकता है कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में पूर्ण हो।यह परियोजना कृषि समृद्धि के साथ-साथ क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा देगी।


