

मेहनत का कोई विकल्प नहीं, लक्ष्य तय करें और उस पर निरंतर आगे बढ़ें
धमतरी। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के तत्वावधान में नगर पालिका निगम सामुदायिक भवन में कैरियर काउंसलिंग एवं गाइडेंस का आयोजन दो पालियों में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा एवं कैरियर निर्माण के लिए सही दिशा और मार्गदर्शन प्रदान करना था। कलेक्टर ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया और कहा किजीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। अनुशासन, समय प्रबंधन और सतत् प्रयास ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी हैं। हर विद्यार्थी के भीतर असीम क्षमता होती है, बस उसे सही दिशा और प्रेरणा की आवश्यकता होती है।अपने आसपास के सकारात्मक वातावरण और मार्गदर्शकों से सीखने की प्रवृत्ति रखें। एक अच्छा कॉलेज जीवन में दिशा और दृष्टि दोनों प्रदान करता है।विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने भीतर आत्मविश्वास और जिज्ञासा बनाए रखें, क्योंकि “जो स्वयं पर विश्वास रखता है, वही भविष्य का निर्माण करता है।
प्रथम पाली में एम्स रायपुर, एनआईटी रायपुर और आईआईटी भिलाई से आए विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए।फॉरेसिंक वैज्ञानिक अधिकारी अमित ने कहा कि “सफलता निरंतर अभ्यास, आत्मविश्वास और असफलताओं से सीखने के साहस से मिलती है।
द्वितीय पाली में भिलाई के मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. संतोष राय ने कॉमर्स क्षेत्र में कैरियर की संभावनाओं पर विस्तृत जानकारी दी।
साथ ही सीए प्रवीण बाफना, साइकोलॉजिस्ट डॉ. मिठ्ठू और सुमीत भट्टाचार्य ने क्रमशः वाणिज्य, मानसिक स्वास्थ्य और विधिक सेवाओं में मार्गदर्शन दिया।कार्यक्रम का लाइव प्रसारण यूट्यूब चैनल के माध्यम से जिले की सभी शालाओं में किया गया। कलेक्टर ने कार्यक्रम में शामिल एम्स, एनआईटी, आईआईटी एवं अन्य संस्थानों से आए विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।


