
जिला स्तरीय राष्ट्रीय गणित दिवस कार्यशाला में खेल-खेल में गणित सिखाने और गतिविधि आधारित शिक्षण पर दिया गया जोर
धमतरी। कलेक्टर की प्रेरणा, जिला शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन एवं जिला समन्वयक बाल विज्ञान कांग्रेस योगेश कुमार यदु के निर्देशन में जिला स्तरीय राष्ट्रीय गणित दिवस कार्यशाला का आयोजन डॉ. शोभाराम देवांगन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में किया गया। कार्यशाला में जिले के विभिन्न विकासखंडों से 200 गणित शिक्षकों एवं व्याख्याताओं ने हिस्सा लिया।
गणित को रटने की बजाय समझने और करके सीखने पर जोर
कार्यशाला की थीम “गणित से डर नहीं, गणित से दोस्ती” रही। कार्यक्रम का शुभारंभ महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. वी.के. पाठक ने कहा कि गणित तर्कशक्ति, विश्लेषण क्षमता और समस्या समाधान की समझ विकसित करता है। शिक्षकों को कक्षा में बच्चों को सवाल पूछने, प्रयोग करने और गलतियों से सीखने के अवसर देने चाहिए।
मॉडल, पहेली और खेल के जरिए आसान बनेगा गणित का शिक्षण
जिला समन्वयक योगेश कुमार यदु ने कहा कि गणित को रटने के बजाय मॉडल, खेल, पहेली और दैनिक जीवन के उदाहरणों के माध्यम से पढ़ाया जाना चाहिए, ताकि बच्चों के मन से गणित का भय दूर हो और वे इसे रुचि के साथ सीखें।कार्यशाला में आलोक मत्स्यपाल, खुमान साहू, टिकेश्वर पाण्डेय, विभा गजपाल, भूमिका देवांगन, बिंदिया चंद्राकर, योगेन्द्र देवांगन, मीनाक्षी वर्मा, हितेश साहू एवं उमेश साहू ने स्रोत व्यक्ति के रूप में गणित शिक्षण की नवीन विधियों, मॉडल निर्माण और गतिविधि आधारित शिक्षण का प्रशिक्षण दिया।
श्रीनिवास रामानुजन के जीवन से प्रेरणा लेकर गणित शिक्षण को रोचक बनाने पर जोर
इस दौरान गणितीय मॉडल प्रदर्शन, पोस्टर निर्माण, पहेली, प्रश्नोत्तरी, भाषण एवं वाद-विवाद जैसी गतिविधियों पर भी चर्चा की गई। कार्यशाला में शिक्षकों ने गणित को सरल, रोचक और व्यवहारिक तरीके से पढ़ाने का संकल्प लिया।

