
जंगल के रास्ते ओडिशा ले जाए जा रहे थे मवेशी; पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
धमतरी। एसपी के निर्देश पर अवैध पशु तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मेचका पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 32 मवेशियों को तस्करी से मुक्त कराया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार,मुखबिर से सूचना मिलने पर मेचका पुलिस टीम ने अरसीकन्हार-खालगढ़ मार्ग पर नहर से करीब 500 मीटर आगे जंगल क्षेत्र में घेराबंदी की एवं मौके पर तीन व्यक्तियों को बड़ी संख्या में मवेशियों को हांकते हुए पकड़ा गया। पूछताछ एवं मौके की कार्रवाई में कुल 32 मवेशी बरामद हुए, जिन्हें सुरक्षित संरक्षण में लिया गया।
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में घनश्याम सेन,उम्र 40 वर्ष,निवासी ग्राम जोबा, जिला गरियाबंद; देवशरण, उम्र 52 वर्ष,निवासी ग्राम केराबाहरा, जिला गरियाबंद तथा ओंकार ठाकुर, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम जोबा,जिला गरियाबंद को गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार बरामद मवेशियों की अनुमानित कीमत 82 हजार रुपये है।
विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज
प्रकरण में थाना मेचका में अपराध दर्ज कर छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(d) तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) के तहत वैधानिक कार्रवाही करते हुएआरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया जारी हैं।

