जी-राम-जी योजना से जिले की 370 ग्राम पंचायतों में होंगे 184 करोड़ के विकास कार्य

375 प्रकार के अनुमेय कार्यों को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों से वीसी में चर्चा; गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के निर्देश

धमतरी। विकसित भारत जी-राम-जी योजना के तहत जिले की 370 ग्राम पंचायतों में प्रथम वर्ष करीब 184 करोड़ रुपये के विकास एवं निर्माण कार्य कराए जाएंगे,योजना के तहत 375 प्रकार के अनुमेय कार्यों को लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने 1 अक्टूबर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पंचायत प्रतिनिधियों से चर्चा की और योजना के प्रावधानों की जानकारी दी।वीसी में जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत सदस्य, सरपंच, सचिव एवं रोजगार सहायक शामिल हुए। इस दौरान योजना के तहत प्रस्तावित कार्यों, नियमों और कार्यों के चयन की प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी दी गई एवं पंचायतों से विकास कार्यों के प्रस्ताव एवं प्रोजेक्ट भी मंगाए गए हैं।जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा कि योजना के तहत होने वाले कार्य ठेकेदारी प्रथा से नहीं कराए जाएंगे। कार्यों में किसी भी प्रकार की कमीशनखोरी या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा और शिकायत मिलने पर जांच कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वीकृति के लिए किसी तरह की पहुंच की आवश्यकता नहीं है, बल्कि पंचायतों की आवश्यकता के अनुरूप कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि वीबी-जी राम जी अधिनियम 2 जुलाई से देशभर में लागू हुआ है। इसके तहत पहले मनरेगा में मिलने वाले 100 दिवस के रोजगार को बढ़ाकर 125 दिवस किया गया है। वहीं मजदूरी दर 261 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये की गई है। योजना के तहत कार्यों को चार प्रमुख श्रेणियों में बांटा गया है। इनमें जल सुरक्षा से जुड़े 128 कार्य, मूल ग्रामीण संरचना से संबंधित 111 कार्य, आजीविका से जुड़े 98 कार्य तथा मौसमी आपदा जैसी अति विषम परिस्थितियों से संबंधित 38 कार्य शामिल हैं।योजना के तहत 60 प्रतिशत राशि मजदूरी और 40 प्रतिशत राशि सामग्री पर खर्च की जाएगी। धमतरी एवं कुरूद क्षेत्र में 40-40 प्रतिशत तथा नगरी क्षेत्र में 30 प्रतिशत कार्य जल संवर्धन से संबंधित किए जाएंगे।

26 जनवरी तक स्कूलों में बनें बालिका शौचालय

जिला पंचायत अध्यक्ष ने जिले के सभी शासकीय स्कूलों में 26 जनवरी तक बालिका शौचालय निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इसके अलावा आंगनबाड़ी भवन, मुक्तिधाम, जल संरक्षण के लिए वाटर रिचार्ज संरचनाएं, आवश्यकता के अनुसार सीसी रोड, नाली, खेल मैदान, ग्रामीण पार्क एवं धरसा रोड जैसे कार्यों को भी प्राथमिकता देने की बात कही।

40 करोड़ रुपये के प्रस्ताव तैयार

अरुण सार्वा ने बताया कि विभिन्न विकास कार्यों के लिए अब तक करीब 40 करोड़ रुपये के प्रस्ताव तैयार किए जा चुके हैं। कार्यों के तकनीकी परीक्षण एवं आगे की प्रक्रिया के लिए संबंधित टीम को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं तथा सभी कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।इस दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू, जिला पंचायत सदस्य अजय ध्रुव, मीना साहू एवं गीतेश्वरी साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *