
धान उठाव, सुखत, परिवहन और समितियों के सुदृढ़ीकरण सहित विभिन्न मुद्दों पर हुई चर्चा
धमतरी। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर एवं छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ (मार्कफेड) रायपुर की वार्षिक आमसभा का आयोजन 28 एवं 29 सितंबर को किया गया,जिसमें आमसभा में धमतरी जिले से बड़ी संख्या में समिति अध्यक्ष शामिल हुए। इस दौरान धान खरीदी एवं उठाव, धान परिवहन, सुखत, समितियों की आर्थिक स्थिति और कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
आमसभा में समिति अध्यक्षों ने रखीं विभिन्न मांगें
आमसभा में समिति अध्यक्षों ने धान खरीदी नीति में आवश्यक सुधार, धान परिवहन एवं सुखत की समस्या, बैंक में समिति कर्मचारियों की भर्ती, जिला संघ धमतरी की राशि वापसी सहित विभिन्न मांगें रखीं। इसके अलावा वीबीजी रामजी के माध्यम से धान खरीदी केंद्रों में शेड, गोदाम एवं पक्के चबूतरों के निर्माण तथा सहकारी समितियों को आर्थिक रूप से सुदृढ़ कर ‘सहकार से समृद्धि’ की दिशा में आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।समिति अध्यक्ष चिरोंजी लाल साहू (बोड़रा), ललित साहू (छाती), साकेत साहू (डाही), डोमा सहित जिले एवं प्रदेश के अन्य समिति अध्यक्षों ने मौखिक चर्चा के साथ अपनी मांगों को लिखित रूप में भी प्रस्तुत किया।इस अवसर पर जिला कार्यवाहक अध्यक्ष एवं प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र कुमार साहू ने सहकारी समितियों को मजबूत बनाने तथा कर्मचारियों की लंबित मांगों के निराकरण के लिए बैंक एवं मार्कफेड प्रबंधन से आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा ने समिति अध्यक्षों की मांगों को जायज बताते हुए शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रयास करने की बात कही। वहीं मार्कफेड अध्यक्ष शशिकांत द्विवेदी ने भी समिति अध्यक्षों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

