
“मृतक की 4.5 एकड़ कृषि भूमि को अपना बताकर बेचने की कोशिश, फर्जी ऋण पुस्तिका एवं आधार कार्ड से रचा गया षडयंत्र”
“मगरलोड पुलिस की प्रभावी विवेचना में कूटरचित दस्तावेजों का खुलासा – फर्जी दस्तावेज, चेक, रबर सील एवं नगदी बरामद”
धमतरी। एसपी के निर्देशन में जिले में धोखाधड़ी, कूटरचना एवं आपराधिक षडयंत्र के मामलों में प्रभावी कार्रवाई हेतु दिए गए निर्देशों के तहत थाना मगरलोड पुलिस द्वारा अपराध क्रमांक 77/2026, धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2), 61(2), 238 बीएनएस के प्रकरण में त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए मुख्य आरोपी सहित 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।प्रार्थी सचिन बगानी, निवासी गोबरा नवापारा द्वारा थाना मगरलोड में शिकायत दर्ज की गई थी कि आरोपी ठाकुर राम साहू, उम्र 37 वर्ष,द्वारा मृतक विष्णु प्रसाद साहू के नाम ग्राम सांगा में स्थित लगभग 4.5 एकड़ कृषि भूमि को अपना बताकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए तथा उक्त भूमि को बेचने के नाम पर प्रार्थी से विभिन्न माध्यमों से नगद एवं चेक के जरिए लगभग 40 लाख रुपये प्राप्त किए गए,जिस पर
थाना मगरलोड में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया तथा
विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा मृतक के नाम से तैयार किए गए डीसीबी बैंक शाखा करी नयापारा के खाता क्र. के ग्राहक आवेदन फार्म, संलग्न दस्तावेज एवं बैंक स्टेटमेंट प्राप्त कर जांच की गई।जांच एवं पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों द्वारा अवैध लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से मृतक के नाम पर फर्जी ऋण पुस्तिका, आधार कार्ड एवं बैंक संबंधी दस्तावेज तैयार किए गए थे।आरोपियों द्वारा कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से कृषि भूमि पर अपना अधिकार दर्शाकर उसे बेचने का प्रयास किया गया।विवेचना में आरोपी ठाकुर राम साहू द्वारा अपने सहयोगी आरोपी जितेन्द्र साहू,उम्र 38 वर्ष के साथ मिलकर आपराधिक षडयंत्रपूर्वक फर्जी दस्तावेज तैयार करने एवं उनका उपयोग करने की जानकारी सामने आई,जिस पर दोनों आरोपियों को को गिरफ्तार कर गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराया गया तथा विधिसम्मत कार्यवाही के पश्चात दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।साथ ही अन्य व्यक्तियों की भूमिका के संबंध में भी विस्तृत जांच की जा रही है।


