

खेती, नर्सरी और दुग्ध केंद्र से बढ़ेगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था – कलेक्टर
धमतरी। जिले में संचालित विभिन्न विकास एवं आजीविका संवर्धन कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के उद्देश्य से कलेक्टर ने आज कुरूद विकासखंड का भ्रमण कर स्थल निरीक्षण किया।कलेक्टर पहले ग्राम दरबा पहुंचे, जहां किसानों द्वारा की जा रही गेंदा फूल की खेती का अवलोकन किया।कृषकों से बातचीत कर उत्पादन, लागत, विपणन व्यवस्था एवं आय संवर्धन के पहलुओं की जानकारी ली।कहा कि उद्यानिकी आधारित गतिविधियां किसानों की आय में वृद्धि का प्रभावी माध्यम हैं।अतः संबंधित अधिकारियों को फूलों की खेती को प्रोत्साहित करने, तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने तथा बाजार से बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।इसके पश्चात ग्राम कोटगांव में औषधि पादप बोर्ड के माध्यम से विकसित की जा रही औषधीय नर्सरी का निरीक्षण कर पौधों के संरक्षण, संवर्धन एवं उत्पादन की स्थिति की समीक्षा करते हुए नर्सरी के सुव्यवस्थित विकास, पौधों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा स्थानीय युवाओं को जोड़कर रोजगार के अवसर सृजित करने के निर्देश दिए।तथा ग्राम भाटागांव में निर्माणाधीन दुग्ध कलेक्शन सेंटर का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति एवं निर्धारित समयसीमा की जानकारी लेते हुए कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।कहा कि दुग्ध कलेक्शन सेंटर के प्रारंभ होने से क्षेत्र के पशुपालकों को उचित मूल्य पर दुग्ध विक्रय की सुविधा प्राप्त होगी, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।कलेक्टर ने इस दौरान योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, समयबद्ध लक्ष्य प्राप्ति तथा कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।साथ ही, योजनाओं के क्रियान्वयन में नवाचार एवं समन्वय के साथ कार्य करने पर बल दिया।


