
कांकेर। जिले के अंतागढ़ विकासखंड का दूरस्थ और माओवाद प्रभावित रहा ग्राम टेकापानी, जो कभी पेयजल संकट से जूझ रहा था, आज जल जीवन मिशन के तहत हर घर स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति हो रही है।जिला मुख्यालय से लगभग 65 किलोमीटर दूर स्थित इस गांव के करीब 18 परिवार पहले पीने और घरेलू उपयोग के लिए नाले और झरिया के पानी पर निर्भर थे।तथा गर्मियों में जलस्तर घटने पर महिलाओं को लंबी दूरी तय कर पानी लाना पड़ता था।अब गांव में स्थापित सोलर आधारित जल आपूर्ति प्रणाली से हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंच रहा है।साथ ही हैंडपंप के माध्यम से जल गुणवत्ता की नियमित जांच की जा रही है, जिसमें “जल बहिनियाँ”, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन और गांव की महिलाएं सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।जल जीवन मिशन के अंतर्गत गांव में 20 नल कनेक्शन प्रदान किए गए हैं, जिससे हर घर तक स्वच्छ पानी पहुंचने लगा है।इस पहल से जल संकट समाप्त होने के साथ-साथ स्वास्थ्य में भी सुधार हुआ है और जलजनित बीमारियों में कमी आई है।ग्रामीणों ने इस बदलाव के लिए मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।


