
धमतरी। गौसेवा, सुरक्षा एवं सम्मान को लेकर देशभर में चलाए जा रहे “गौ सम्मान आह्वान अभियान” के तहत कुरूद स्थित आर्ट ऑफ लिविंग केंद्र में बैठक आयोजित की गई।जिसमें क्षेत्र के गौसेवकों, गौभक्तों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर चर्चा की।इस अभियान के अंतर्गत विभिन्न राज्यों में कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं।राज्य की पहली कार्यशाला 2 मार्च को दुर्गा मंदिर रायपुर में संपन्न हुई थी, जिसमें गौवंश संरक्षण, गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध एवं गौचर भूमि की सुरक्षा जैसे विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया।यह अभियान किसी एक संगठन के बैनर तले नहीं, बल्कि संत समाज के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 27 अप्रैल को देश की सभी तहसीलों में सुबह 11 से 12 बजे के बीच तहसीलदार एवं अनुविभागीय अधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।यह भी निर्णय लिया गया कि मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में सोशल मीडिया के माध्यम से जनअभियान को आगे बढ़ाया जाएगा तथा क्रमशः जिला, राज्य एवं केंद्र स्तर पर ज्ञापन सौंपे जाएंगे।और आवश्यकता पड़ने पर संत समाज द्वारा आमरण अनशन का भी विकल्प अपनाया जा सकता है।


