
अधिकारियों ने दिए आवश्यक निर्देश
धमतरी। आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए,बैठक आयोजित कर शहर को स्वच्छता रैंकिंग में बेहतर स्थान दिलाने हेतु रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।उपायुक्त पीसी सार्वा ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि शहर की छवि और नागरिकों के स्वास्थ्य से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान है।घर-घर कचरा संग्रहण, गीला-सूखा कचरा पृथक्करण, सार्वजनिक स्थानों की नियमित सफाई एवं डंपिंग स्थलों के सुव्यवस्थित प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने तथा स्वच्छता दीदियों और सुपरवाइजरों को जागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश दिए।कहा कि नागरिकों को कचरा इधर-उधर न फेंकने,प्लास्टिक उपयोग कम करने के लिए प्रेरित करना आवश्यक है।साथ ही, बाजार क्षेत्रों, प्रमुख सड़कों और वार्डों में नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।साथ ही फॉगिंग, नालियों की सफाई, सार्वजनिक शौचालयों की स्वच्छता तथा डोर-टू-डोर कलेक्शन की गुणवत्ता सुधारने पर भी जोर दिया गया।


