
करेहा में प्रशासन की पहल,रोजगार, शिक्षा और सड़क सुधार पर बनी कार्ययोजना
विकास के साथ आत्मनिर्भरता की ओर कदम, महिला समूहों को भी मिलेगा अवसर
धमतरी। कलेक्टर ने नगरी विकासखंड के ग्राम करेहा में पंचायत पदाधिकारियों, युवाओं, महिला स्व-सहायता समूहों एवं ग्रामीणों के साथ बैठक कर भारतमाला परियोजना से संबंधित संभावनाओं एवं तैयारियों की समीक्षा की।कहा कि इसके तहत क्षेत्र में प्रस्तावित सड़क विकास कार्यों से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि आसपास के गांवों में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।युवाओं से आह्वान किया कि वे निर्माण कार्य, मशीन संचालन, आतिथ्य सेवा, वाहन संचालन एवं अन्य संबंधित क्षेत्रों में कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर स्वयं को तैयार करें।जिला प्रशासन द्वारा कौशल उन्नयन प्रशिक्षण, पंजीयन एवं मार्गदर्शन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।बैठक के दौरान महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित गतिविधियों की जानकारी लेते हुए,कार्यों की सराहना की तथा कहा कि आगामी औद्योगिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों से समूहों को आपूर्ति, खाद्य प्रसंस्करण, कैटरिंग एवं अन्य सेवाओं के माध्यम से जोड़ा जाएगा।संबंधित अधिकारियों को समूहों के उत्पादों के विपणन एवं पैकेजिंग सुदृढ़ करने हेतु आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए।शिक्षा के क्षेत्र में सुधार पर बल देते हुए कलेक्टर ने ग्राम के हाई स्कूल को सर्वसुविधायुक्त बनाने, आधारभूत संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा डिजिटल शिक्षण सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए।बैठक में ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, विद्युत आपूर्ति एवं कौशल प्रशिक्षण से संबंधित सुझाव एवं समस्याएं रखीं, जिन पर कलेक्टर ने सकारात्मक एवं त्वरित कार्यवाही का आश्वासन दिया।कहा कि विकास कार्यों में जनसहभागिता सुनिश्चित कर ही क्षेत्र का समग्र एवं संतुलित विकास संभव है।


