

जिला प्रशासन धमतरी एवं अंबुजा फाउंडेशन की संयुक्त पहल
धमतरी। जिला प्रशासन और अंबुजा फाउंडेशन की संयुक्त पहल पर ग्राम कोलियारी में स्थापित कौशल प्रशिक्षण केंद्र “मधुरिमा गुरुकुल” का शुभारंभ महापौर ने किया।कहा कि युवाओं को कौशल से जोड़ने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है।संस्था को बधाई देते हुए कहा कि धमतरी औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण यहां रोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं, जिनका लाभ प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं एवं महिलाओं को मिलेगा।प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में युवाओं के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनसे युवाओं को निरंतर लाभ मिल रहा है।इस अवसर पर महापौर ने कौशल रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।यह रथ आसपास के गांवों में भ्रमण कर युवाओं को कौशल विकास के संबंध में जानकारी देगी।
कलेक्टर ने कहा कि इतने कम समय में संस्था का प्रारंभ होना इसकी प्रतिबद्धता और कार्यक्षमता को दर्शाता है।जिले केअनेक प्रतिभाशाली लोग देश-विदेश में जिले का नाम रोशन कर रहे हैं, परंतु बहुत कम लोग ऐसे होते हैं जो जिले और समाज के लिए कुछ करने का संकल्प लेते हैं।कलेक्टर ने मधुसूदन केला के जीवन एवं उनकी उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि अपने क्षेत्र में लौटकर जिले के युवाओं के लिए कार्य करना प्रेरणादायक है।आने वाले समय में कोलियरी क्षेत्र सहित जिले में विभिन्न निर्माण एवं औद्योगिक गतिविधियां बढ़ेंगी, ऐसे में यह प्रशिक्षण केंद्र युवाओं को तकनीकी दक्षता प्रदान कर रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।आशा है कि यह केंद्र जिले को गौरवान्वित करेगा और युवाओं के भविष्य को सशक्त बनाएगा।संस्था के प्रतिनिधि रवि नायसे ने बताया कि फाउंडेशन की स्थापना वर्ष 2010 में हुई थी तथा यह 55 वां केंद्र है।वर्तमान में एक बैच प्रारंभ किया गया है तथा शीघ्र ही तीन अन्य बैच भी शुरू किए जाएंगे।यह प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क होगा तथा प्रशिक्षण उपरांत रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने में विशेष सहयोग दिया जाएगा।इस अवसर पर अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।


