

पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और गुणवत्ता पूर्ण निर्माण पर दिया जोर
धमतरी। कलेक्टर ने गंगरेल क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने हेतु संचालित विभिन्न विकास कार्यों तथा ठेमली आईलैंड का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर सहित अन्य अधिकारियों ने पैदल चलकर पाथवे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और व्यू प्वाइंट और वाच टावर हेतु स्थल का भी चिन्हांकन किया।कलेक्टर ने गंगरेल के आसपास विकसित किए जा रहे पर्यटन अधोसंरचना कार्यो जैसे पहुंच मार्गों का सुदृढ़ीकरण, सौंदर्यीकरण, पर्यटक सुविधाओं का विस्तार, स्वच्छता व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन तथा सांकेतिक बोर्ड की स्थापना की विस्तार से समीक्षा की।कहा कि गंगरेल जिले की पहचान है और इसे सुव्यवस्थित, स्वच्छ एवं आकर्षक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।यह पर्यटन विकास से स्थानीय युवाओं, महिला स्व-सहायता समूहों एवं ग्रामीण उद्यमियों के लिए स्वरोजगार के अवसर सृजित किए जाएंगे।ठेमली आईलैंड, जो गंगरेल के मध्य स्थित एक प्रमुख आकर्षण के रूप में उभर रहा है, वहां निर्मित हो रहे खरंजा फुटपाथ, विश्राम स्थल, बैठने की व्यवस्था, रेलिंग, सोलर लाइटिंग, व्यू प्वांइट एवं हरित क्षेत्र विकास कार्यों का अवलोकन किया।वन विभाग एवं पंचायत विभाग को समन्वय स्थापित कर आईलैंड क्षेत्र में स्थानीय प्रजातियों का वृक्षारोपण, हरित पट्टी विकास एवं पर्यावरण संरक्षण के उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि विकास कार्य पर्यावरणीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए किए जाएं, ताकि प्राकृतिक सौंदर्य अक्षुण्ण बना रहे।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, तथा गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए।


