
युवाओं के सपनों को मिलेगा नया आधार
धमतरी। जिले के शैक्षणिक, बौद्धिक एवं ज्ञान आधारित विकास को नई ऊँचाई प्रदान करने की दिशा में नगर के प्रतिष्ठित नालंदा परिसर (सेंट्रल लाइब्रेरी सह रीडिंग जोन) को 250 सीटर से विस्तारित कर 500 सीटर किए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई है।यह अत्याधुनिक एवं बहुमंजिला परिसर लगभग 11 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से निर्मित किया जाएगा,जिससे विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं तथा अध्ययनशील नागरिकों को उच्चस्तरीय अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध होंगी।इस विस्तार से न केवल अध्ययन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, बल्कि जिले में आधुनिक पुस्तकालय संस्कृति को भी मजबूती मिलेगी।हटकेश्वर वार्ड में निर्माण पश्चात नालंदा परिसर एक आकर्षक, भव्य एवं सर्वसुविधायुक्त शैक्षणिक भवन के रूप में विकसित होगा। परिसर में शांत एवं सुव्यवस्थित अध्ययन वातावरण, डिजिटल संसाधन, ई-लाइब्रेरी, वाई-फाई सुविधा, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, वातानुकूलित अध्ययन कक्ष, लिफ्ट सुविधा तथा आधुनिक सुरक्षा व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यह परिसर विद्यार्थियों एवं युवाओं के लिए राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु एक आदर्श अध्ययन केंद्र सिद्ध होगा।कलेक्टर ने कहा कि यह परिसर विद्यार्थियों एवं युवाओं को शांत, आधुनिक एवं संसाधनयुक्त अध्ययन स्थल उपलब्ध कराएगा।जिला प्रशासन द्वारा निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने हेतु सभी आवश्यक प्रक्रियाएं सुनिश्चित की जाएंगी।


