
44% मतदाताओं तक पहुँचे गणना प्रपत्र
धमतरी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार राज्य सहित जिले में भी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य तीव्र गति से जारी है।यह अभियान 4 नवंबर से प्रारंभ हुआ है,जिसके तहत तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 743 बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र और घोषणा प्रपत्र प्रदान कर रहे हैं।
अब तक 287576 मतदाताओं को वितरित किए जा चुके हैं,जबकि जिले में कुल 647147 मतदाता पंजीकृत हैं।मतदाता पंजीकरण अधिकारी पीयूष तिवारी ने मतदान केंद्र गोकुलपुर का निरीक्षण कर स्वयं वितरण किया तथा मतदाताओं को आवश्यक जानकारी प्रदान की।इस दौरान बीएलओ को कार्य में और तेजी लाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर स्वयं तीनों विधानसभा क्षेत्रों के एसडीएम एवं ईआरओ से प्रतिदिन प्रगति की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।तथा प्रत्येक मतदान केंद्र पर प्री-फिल्ड गणना प्रपत्र बीएलओ को उपलब्ध करा दिए गए हैं। बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं तक पहुंचाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, मतदाता स्वयं भी voters.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन भर सकते हैं।सुविधा हेतु हेल्पलाइन 1950 पर कॉल कर जानकारी प्राप्त कर सकते है।साथ ही ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से “Book a Call with BLO” सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे मतदाता सीधे अपने बूथ लेवल अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।हेल्प डेस्क के माध्यम से गणना प्रपत्र भरने और अन्य मार्गदर्शन की सुविधा प्रदान की जा रही है। साथ ही मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर SIR-2026 से संबंधित जानकारियां लगातार साझा की जा रही हैं।


