

बच्चों में वैज्ञानिक सोच और जिज्ञासा जगाएगी विज्ञान वाटिका-सांसद चौधरी
धमतरी। शिक्षा और पर्यटन के क्षेत्र में अभिनव पहल के रूप में पं. रविशंकर जलाशय परियोजना गंगरेल स्थित बरूवा गार्डन में विज्ञान वाटिका (साइंस पार्क) का लोकार्पण किया गया।सांसद ने मुख्य अतिथि के रूप में पार्क का उद्घाटन कर कहा कि यह बच्चों के लिए ज्ञानार्जन का केंद्र बनेगी और भविष्य के वैज्ञानिकों को प्रेरणा देगी। शिक्षा की गुणवत्ता सुधार के लिए जिला प्रशासन, स्कूल शिक्षा विभाग एवं समग्र शिक्षा के प्रयासों की सराहना की,यह पार्क शैक्षणिक भ्रमण, अध्ययन यात्राओं और व्यवहारिक शिक्षा के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।यहाँ केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि विद्यार्थी प्रत्यक्ष अनुभव से विज्ञान की जटिल अवधारणाओं को सरल और मनोरंजक ढंग से समझ सकेंगे। इससे छात्रों में जिज्ञासा, तार्किक सोच और नवाचार की भावना को बढ़ावा मिलेगा।महापौर रोहरा ने कहा कि यह पार्क विद्यार्थियों और आम नागरिकों दोनों के लिए प्रेरणादायक स्थल बनेगा और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।वहीं कलेक्टर श्री मिश्रा ने बताया कि लगभग 10,000 वर्गफीट क्षेत्र में विकसित साइंस पार्क में 28 आउटडोर और 40 इनडोर वैज्ञानिक उपकरण लगाए गए हैं। स्वचालित और इंटरैक्टिव उपकरणों के माध्यम से विद्यार्थी विज्ञान को प्रत्यक्ष रूप से अनुभव कर सकेंगे।बताया कि गंगरेल जलाशय प्रदेश का प्रमुख पर्यटन केंद्र है, जहाँ प्रतिवर्ष हजारों सैलानी आते हैं।इसी को ध्यान में रखते हुए शिक्षा और पर्यटन को जोड़ने की दिशा में यह पहल की गई है।
साइंस पार्क की मुख्य विशेषताएँ
•ओपन-एयर प्रदर्शनी: गुरुत्वाकर्षण, प्रकाश, ध्वनि, ऊर्जा परिवर्तन, लीवर, पुली जैसे वैज्ञानिक सिद्धांतों पर आधारित मॉडल खुले वातावरण में स्थापित।
• इंटरैक्टिव उपकरण: विद्यार्थी इन्हें छूकर, घुमाकर या प्रयोग करके विज्ञान की मूल अवधारणाओं को अनुभव कर सकते हैं।
• पर्यावरण अनुकूल वातावरण: विद्यार्थी खेल-खेल में सीखने का आनंद ले सकेंगे।
• विशेष आकर्षण: प्रसिद्ध वैज्ञानिकों की प्रतिमाएँ, कृत्रिम उपग्रह का चलित मॉडल, तरंग गति, कंकाल तंत्र, अनंत पथ, ब्लैक होल प्रदर्शन, मानव नेत्र की कार्यप्रणाली और रंगों का मिश्रण जैसे विषयों पर आधारित मॉडल यहाँ स्थापित हैं।


