
विजेता को मिलेगा ₹21,000 का पुरस्कार
धमतरी। जिला प्रशासन एवं नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में “पेंट द सिटी (चमकारी)” अभियान के तहत शहर की चयनित दीवारों पर वॉल पेंटिंग का आयोजन प्रारंभ किया गया है।अभियान का उद्देश्य दीवारों को आकर्षक चित्रों के माध्यम से सुंदर और जीवंत बनाना है।प्रतिभागियों को चिन्हांकित दीवारों पर बॉक्स के रूप में क्षेत्र दिया गया है, जहां वे अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतिभागी अपनी रचनात्मकता और रंगों के माध्यम से सामाजिक संदेशों, संस्कृति और स्वच्छता की झलक को चित्रों में उतार रहे हैं।ये चित्र न केवल शहर की सुंदरता बढ़ा रहे हैं, बल्कि राहगीरों का ध्यान भी आकर्षित कर रहे हैं।आयोजन के अंतर्गत सर्वश्रेष्ठ पेंटिंग बनाने वाले कलाकार को ₹21,000 का नगद,वहीं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को रू.15000/- पुरस्कार दिया जाएगा।अधिकारियों ने बताया कि “पेंट द सिटी” जैसे आयोजन न केवल शहर के सौंदर्यीकरण में सहायक हैं, बल्कि स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर भी प्रदान करते हैं। इस अभियान से दीवारें अब रचनात्मकता और चमकारी के रंगों से सराबोर होती नजर आ रही हैं।


