
धमतरी। कलेक्टर डीपीएस स्कूल में शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं विभिन्न स्कूलों के प्राचार्यों की बैठक लेकर परीक्षा परिणामों की समीक्षा कर कहा कि परीक्षा परिणामों में गुणात्मक सुधार लाने के लिए योजनाबद्ध एवं समन्वित रूप से कार्य करना आवश्यक है। मिशन “अव्वल” के तहत कक्षा 10वीं एवं 12वीं की त्रैमासिक परीक्षा के समीक्षा करते हुए आगामी छमाही एवं बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के लिए अभी से रणनीति बनाकर उस पर अमल करें।कलेक्टर ने कहा कि परीक्षा परिणाम सुधारना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है।प्रत्येक शिक्षक और प्राचार्य को जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा। निर्देश दिए कि कमजोर विद्यार्थियों के लिए अलग कक्षाएं लेकर नियमित मार्गदर्शन व अभ्यास कराया जाए, वहीं मेधावी विद्यार्थियों को मेरिट में लाने के लिए उच्चस्तरीय तैयारी कराई जाए।शिक्षा को रोचक बनाने हेतु विद्यालयों में सृजनात्मक एवं सहभागितापूर्ण गतिविधियां भी आयोजित की जाएं ताकि विद्यार्थी पढ़ाई से जुड़ाव महसूस करें।और कहा कि कोई भी शिक्षक या प्राचार्य अवकाश पर जाने से पहले अपने वरिष्ठ अधिकारी को सूचना अवश्य दें। फरवरी माह तक संतान पालन अवकाश स्वीकृत न किए जाने के निर्देश दिए,अनिवार्यता की स्थिति में समिति विचार कर निर्णय लेगी।ऐसे विद्यार्थी जो स्वास्थ्यगत कारणों से लंबे समय तक स्कूल नहीं आ पा रहे हैं, उनके अभिभावकों से चर्चा कर चिरायु टीम के माध्यम से आवश्यक उपचार सुनिश्चित किया जाए।


