
विद्यार्थियों को मिलेगा आधुनिक अध्ययन का वातावरण
धमतरी। बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्वयं के फंड से कुल 653.12 वर्ग मी. में लाइब्रेरी का निर्माण किया जाएगा।निर्माण एजेंसी लोक निर्माण विभाग को दायित्व सौपा गया है। जिसका जनभागीदारी समिति की बैठक में मंजूरी दी है। यह लाइब्रेरी 112 सीट क्षमता वाली में होगी, साथ ही 88 सीट डिजिटल लाइब्रेरी भी स्थापित की जाएगी। भूतल में 112 सीटर एवं 35 सीटर डिजिटल लाइब्रेरी होगी। वही प्रथम तल पर 53 सीटर डिजिटल लाईब्रेरी एवं डोम निर्माण कार्य होगा।नई लाइब्रेरी में पुस्तकों के साथ-साथ ई-बुक्स, ऑनलाइन जर्नल्स, शोध पत्र, कंप्यूटर एवं वाई-फाई सुविधा उपलब्ध रहेगी, जिससे पारंपरिक और आधुनिक दोनों माध्यमों से अध्ययन कर सकेंगे।लाइब्रेरी को एक लर्निंग सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसमें रीडिंग रूम, ग्रुप डिस्कशन सेक्शन, ई-लर्निंग जोन और शांत वातावरण में अध्ययन हेतु अलग क्षेत्र होंगे। महाविद्यालय द्वारा प्रयास किया जा रहा है कि लाइब्रेरी को कम से कम 12 से 18 घंटे तक खुला रखा जाए, ताकि विद्यार्थी अपने अध्ययन के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर सकें।कलेक्टर ने कहा कि जिले में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और विद्यार्थियों को आधुनिक अध्ययन संसाधन उपलब्ध कराने के लिए यह एक महत्वपूर्ण पहल है। नई लाइब्रेरी न केवल महाविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए उपयोगी होगी, बल्कि यह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। हमारा लक्ष्य है कि इस लाइब्रेरी को एक मॉडल लर्निंग सेंटर बनाया जाए, जहां तकनीक और ज्ञान का समन्वय हो।


