
ग्राम भटगांव रोड में हुई सड़क दुर्घटना के संबंध में पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही
धमतरी। दिनांक 6.10.2025 को शाम लगभग 7 बजे, ग्राम भटगांव स्थित दीदी की रसोई के सामने एक ईको वेन (क्रमांक CG-04-HC-0364) के चालक द्वारा तेज एवं लापरवाहीपूर्वक,नशे की हालत में वाहन चलाते हुए सड़क किनारे खड़े कांशीराम साहू, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम पेंडरवानी, जिला बालोद को ठोकर मार दी। ठोकर लगने से व्यक्ति वाहन में फँस गया,घसीटता हुआ काफी दूर तक चला गया।आरोपी घटनास्थल से भागने के प्रयास में भटगांव चौक से गोकुलपुर मार्ग की ओर जाते हुए क्रमश,जीवनलाल चंद्राकर तथा घनश्याम नेताम को भी ठोकर मारकर घायल कर दिया।
घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ चिकित्सक द्वारा कांशीराम साहू को मृत घोषित किया गया।गवाहों के कथन एवं साक्ष्यों के आधार पर आरोपी सूर्यदेव अग्रवाल, उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम खुंदनी,के विरुद्ध धारा 201,125(7),105 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।


