
अधिकांश शालाओं में वितरण पूर्ण
धमतरी। राज्य शासन की निःशुल्क सरस्वती सायकल योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है।योजना का उद्देश्य शिक्षा से जुड़ी पात्र छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना है। संचालन हेतु जिला एवं विकासखण्ड स्तर पर विभागीय परीक्षण एवं जांच समिति का गठन किया गया है।जिला शिक्षा अधिकारी ने जानकारी दी कि जिले की अधिकांश शालाओं में सायकल वितरण की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। जहां वितरण शेष है, वहां जैसे ही सायकलें तैयार होकर उपलब्ध होती हैं,तत्काल वितरण किया जाता है।यह भी कहा कि अब तक वितरण उपरांत किसी भी बालिका हितग्राही से सायकल की खराबी, गड़बड़ी या दोषपूर्ण कलपुर्जों की कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। इससे स्पष्ट होता है कि विभागीय परीक्षण समिति द्वारा गुणवत्ता की दृष्टि से संतोषजनक कार्य किया जा रहा है।योजना के सुचारु क्रियान्वयन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विद्यालय प्रबंधन तथा विभागीय अधिकारियों का सहयोग सराहनीय है। इस पहल से न केवल शैक्षणिक गतिविधियों में नियमित उपस्थिति दर्ज हो रही है, बल्कि आत्मनिर्भरता और शिक्षा के प्रति गंभीरता की भावना भी विकसित हो रही है।


