
बच्चों को साइबर अपराध, मानव तस्करी एवं नशा मुक्ति पर दी विस्तृत जानकारी -हेल्पलाइन नंबरों से कराया अवगत
धमतरी। जिले में बच्चों, महिलाओं एवं आम नागरिकों की सुरक्षा और जागरूकता को लेकर पुलिस शक्ति टीम ने आज शास.पूर्व माध्यमिक शाला भटगांव में पहुंचकर छात्र-छात्राओं को जागरूक किया।साइबर अपराध सबसे तेज़ी से बढ़ता अपराध है। इंटरनेट पर अज्ञात लिंक, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करना, फेक सोशल मीडिया आईडी बनाकर ठगी करना जैसे अपराधों से सावधान रहना आवश्यक है। बच्चों को किसी भी संदिग्ध मैसेज, कॉल या लिंक पर प्रतिक्रिया न दें तथा तत्काल अपने माता-पिता, शिक्षक,पुलिस को जानकारी दें।छात्र-छात्राओं को मानव तस्करी से होने वाले खतरे से सतर्क रहने और तुरंत परिवार या पुलिस को बताने की सलाह दी।
नशा करने से व्यक्ति, परिवार और समाज पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों को विस्तार से समझाया गया। बच्चों को प्रेरित किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने मित्रों एवं परिजनों को भी दूर रहने की प्रेरणा दें।कार्यक्रम में बच्चों को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर याद रखने और उपयोग करने की सलाह दी गई।
◆ साइबर क्राइम टोल फ्री नंबर – 1930 (ऑनलाइन धोखाधड़ी एवं साइबर अपराध की शिकायत हेतु)
◆ चाइल्ड लाइन – 1098 (बच्चों से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की शिकायत हेतु)
◆ महिला हेल्पलाइन – 1091 (महिलाओं की सुरक्षा और सहायता के लिए)बच्चों को यह भी बताया कि संकट की स्थिति में इन नंबरों पर निशुल्क कॉल करके मदद प्राप्त की जा सकती है।टीम ने बच्चों से प्रश्नोत्तर भी किया और उन्हें जागरूक रहने के साथ-साथ साहसपूर्वक अपनी समस्याएं बताने के लिए प्रेरित किया। छात्र-छात्राओं ने भी सक्रिय भागीदारी करते हुए प्रश्न पूछे और पुलिस की पहल की सराहना की।कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल अपराध की रोकथाम ही नहीं बल्कि एक सुरक्षित, जागरूक और सहयोगी समाज का निर्माण करना है।


