छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन की प्रांतीय महासभा संपन्न, पेंशन सहित कई मांगें उठीं

धमतरी। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन की प्रांतीय महासभा का आयोजन रायपुर के विमतारा सभा हाल में भव्य रूप से संपन्न हुआ। जिसमें प्रदेशभर से आए पदाधिकारी और शिक्षकों ने अपनी विभिन्न मांगों को प्रमुखता से उठाते हुए संगठन की एकजुटता का परिचय दिया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर के विधायक पुरंदर मिश्रा उपस्थित रहे,जबकि अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा ने की।महासभा में शिक्षकों ने प्रथम नियुक्ति से पेंशन की गणना, पुरानी पेंशन योजना का लाभ, क्रमोन्नति, समयमान वेतनमान तथा विभागीय टीईटी परीक्षा आयोजित करने सहित कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं।जिस पर पुरंदर मिश्रा ने शिक्षकों की मांगों को सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।वहीं प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्य अतिथि को मांग पत्र सौंपते हुए सेवानिवृत्त हो रहे शिक्षकों के लिए शून्य पेंशन जैसी स्थिति पर चिंता व्यक्त की।भूषणलाल चन्द्राकर ने बताया कि वर्तमान में पेंशन की सेवा अवधि की गणना संविलियन तिथि 1 जुलाई 2018 से की जा रही है, जिससे वर्ष 2028 से पहले सेवानिवृत्त होने वाले एलबी संवर्ग के शिक्षक पुरानी पेंशन के लाभ से वंचित हो सकते हैं।कहा कि 20 वर्ष की अहर्तापूर्ण सेवा पूर्ण होने पर अंतिम वेतन का 50 प्रतिशत पेंशन देने का प्रावधान किया जाना चाहिए।पेंशन को स्थगित पारिश्रमिक माना गया है, ऐसे में पूर्व की सेवाओं की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *