
सड़क, बैंक, लाइब्रेरी और पानी- आमदी बन रहा समग्र विकास का केंद्र
फोरलेन से जुड़ेगा आमदी, विकास और सुविधाओं का होगा व्यापक विस्तार
धमतरी। जिले के विकास को नई दिशा देने की दिशा में आमदी गौरवपथ निर्माण को शासन से हरी झंडी मिल गई है।इस मांग के पूरा होने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि आमदी क्षेत्र को एक उभरते हुए आर्थिक हब के रूप में विकसित करने की दिशा भी मजबूत होगी।इस परियोजना के लिए 662.61 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति साथ ही अन्य संबंधित अधोसंरचनात्मक कार्यों हेतु 2119.54 लाख रुपये की स्वीकृति भी दी गई है।साथ ही शासन ने निर्देश दिए हैं कि सभी कार्य निर्धारित नियमों, तकनीकी मानकों और पारदर्शी निविदा प्रक्रिया के तहत ही पूर्ण किए जाएं।आमदी क्षेत्र में तेजी से विकास के प्रयास किए जा रहे हैं।तथा पारंपरिक व्यवसायों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कुम्हार समुदाय के लिए भी विशेष योजनाएं संचालित की जा रही हैं।गौरवपथ के निर्माण से आमदी सीधे फोरलेन सड़क से जुड़ जाएगा, जिससे व्यापार, परिवहन और स्थानीय रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी। इसी तर्ज पर नगरी, भखारा और मगरलोड क्षेत्रों में भी आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, जबकि कुकरेल क्षेत्र में भी फोरलेन कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य जारी है।
कलेक्टर ने इस पहल को जिले के लिए मील का पत्थर बताते हुए कहा, “आमदी गौरवपथ का निर्माण धमतरी के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।हमारा लक्ष्य है कि आमदी को एक सशक्त आर्थिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाए, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ें और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।शासन की मंशा के अनुरूप सभी कार्य गुणवत्ता और समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएंगे।


