विशेष बच्चों के लिए गहन स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, 74 बच्चों की स्क्रीनिंग

धमतरी। कलेक्टर के निर्देशानुसार सिविल अस्पताल नगरी में स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मोबाइल क्रेच अंतर्गत “लइका घर” में दर्ज चिन्हांकित विशेष बच्चों के लिए गहन स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य बच्चों के समग्र स्वास्थ्य की समयबद्ध जांच कर आवश्यक उपचार एवं पोषण सहायता सुनिश्चित करना रहा।
इस दौरान शिशु रोग विशेषज्ञ एवं जिला टीकाकरण अधिकारी के नेतृत्व में कुल 74 बच्चों की स्क्रीनिंग की गई,जांच में 15 कुपोषित बच्चों की पहचान कर पोषण पुनर्वास केंद्र रेफर किया गया,वहीं एक जन्मजात हृदय रोग से ग्रसित बच्चे का फॉलोअप भी किया गया, जिसे पूर्व में चिरायु टीम द्वारा चिन्हांकित किया गया था।शिविर में 61 बच्चों का रक्त परीक्षण किया गया।तथा अनीमिया से प्रभावित 60 बच्चों को मौके पर ही उपचार उपलब्ध कराया गया तथा पालकों को संतुलित आहार, आयरन युक्त खाद्य पदार्थों एवं नियमित जांच के संबंध में विस्तृत काउंसलिंग दी गई।इसके अतिरिक्त 11 बच्चों का रैंडम ब्लड शुगर (RBS) परीक्षण एवं 15 बच्चों का सिकल सेल परीक्षण किया गया, जिनकी रिपोर्ट सामान्य पाई गई।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *