
धमतरी। वन परिक्षेत्र केरेगांव में 22 मार्च को सुबह बांसीखाई बीट के आरक्षित वन कक्ष क्रमांक-121 में एक नर नीलगाय मृत अवस्था में पाई गई।मृत नीलगाय के गर्दन, पेट और पिछले हिस्से में तीर लगे होने के कारण यह स्पष्ट हुआ कि शिकारियों द्वारा उसका अवैध शिकार किया गया है।जिसके सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी एवं वन अमला तत्काल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की गई।जांच के दौरान डॉग स्कॉड ने घटनास्थल से मिले तीर की गंध के आधार पर ग्राम डोकाल निवासी आरोपी मन्नू के घर तक पहुंचकर उसे चिन्हित किया।पूछताछ में आरोपी के खिलाफ सबूत मिले हैं। जिस पर आरोपी मन्नू सहित अन्य संलिप्त शिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।डीएफओ ने आम नागरिकों और ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के वन अपराध की जानकारी तत्काल नजदीकी वन कार्यालय या विभागीय अधिकारियों को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी तथा शासन द्वारा प्रोत्साहन राशि का भी प्रावधान है।


