
सोनिया साहू ने सुकन्या समृद्धि योजना में निवेश कर दी प्रेरणादायक मिसाल
धमतरी। केंद्र और राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं न केवल माताओं के स्वास्थ्य और पोषण को सुदृढ़ बना रही हैं, बल्कि बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की नींव भी मजबूत कर रही हैं। ऐसी ही एक प्रेरणादायक कहानी ग्राम सोरम की निवासी सोनिया साहू,उम्र 25 वर्ष,की है,सोनिया को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत 5000 रुपये की सहायता राशि प्राप्त हुई।सोनिया ने इस राशि का उपयोग एक सकारात्मक और दूरदर्शी निर्णय लेते हुए अपनी बेटी काव्या के नाम से संचालित सुकन्या समृद्धि योजना के खाते में जमा कर दिया।यह निर्णय न केवल उनकी आर्थिक समझदारी को दर्शाता है, बल्कि बेटी के उज्ज्वल भविष्य के प्रति उनकी जागरूकता को भी प्रतिबिंबित करता है।वे महतारी वंदन योजना से प्रतिमाह मिलने वाली राशि को भी अपनी बेटी के खाते में नियमित रूप से जमा करती है , जिससे आने वाले समय में बेटी की शिक्षा और अन्य आवश्यकताओं के लिए मजबूत आर्थिक आधार तैयार हो सके।सोनिया का यह कदम गांव की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन रहा है।वे बताती हैं कि शासन की योजनाओं की जानकारी मिलने से ग्रामीण महिलाओं में जागरूकता बढ़ी है।कहा कि ऐसी योजनाएं माताओं और बेटियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।


