
निवेश एवं औद्योगिक विकास पर हुआ मंथन
धमतरी की भौगोलिक स्थिति निवेश के लिए अनुकूल; कलेक्टर श्री मिश्रा
धमतरी। कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला निवेश प्रोत्साहन समिति एवं डेवलपमेंट फोरम की बैठक आयोजित की गई।जिस पर कलेक्टर ने जिले में निवेश की संभावनाओं, उपलब्ध संसाधनों एवं औद्योगिक अधोसंरचना पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।बताया कि जिला कृषि एवं प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध होने के कारण लघु, मध्यम एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों के लिए अत्यंत उपयुक्त है।जिले में सड़कों, जल एवं विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ औद्योगिक वातावरण को बेहतर बनाने हेतु प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।बैठक मैं औद्योगिक विकास को गति देने हेतु विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।इसमें डायवर्सन के लंबित प्रकरणों की समीक्षा, उद्योग स्थापना के लिए उपलब्ध लैंड बैंक की स्थिति, नवीन निवेश प्रस्तावों पर विचार-विमर्श तथा नए औद्योगिक क्षेत्रों के विकास की संभावनाओं पर विशेष रूप से चर्चा की गई। साथ ही,औद्योगिक नीति 2024-30 के अंतर्गत उपलब्ध अनुदान प्रावधानों की जानकारी एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विचार किया गया।
कलेक्टर ने जानकारी दी कि जिले में अब तक विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों एवं क्लस्टरों के लिए भूमि चिन्हांकन एवं आवंटन की प्रक्रिया में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।बताया कि जिले में कुल पाँच औद्योगिक क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (MSME) को प्रोत्साहन मिलेगा।इन क्लस्टरों में सड़क, विद्युत, जलापूर्ति एवं लॉजिस्टिक सुविधाओं का विकास किया जा रहा है, जिससे उद्योग स्थापना की प्रक्रिया सरल होगी। साथ ही उद्योगों के लिए आवश्यक अनुमतियों को समय-सीमा में जारी करने हेतु “सिंगल विंडो सिस्टम” को प्रभावी बनाया गया है।बैठक में उद्योगपतियों द्वारा भूमि उपलब्धता, विद्युत आपूर्ति, परिवहन एवं बैंकिंग सहयोग से संबंधित समस्याएं रखी गईं।जिस पर कलेक्टर ने संबंधित विभागों को समन्वय स्थापित कर त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।कहा कि निवेशकों को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा तथा “ईज ऑफ डूइंग बिजनेस” को प्राथमिकता दी जाएगी।साथ ही स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए कौशल विकास कार्यक्रमों को उद्योगों के साथ समन्वित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन एवं उद्योग जगत के बीच सतत बातचीत से धमतरी को उभरते औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है।धमतरी आज नियोजित औद्योगिक विकास, संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग और प्रशासनिक प्रतिबद्धता के चलते निवेश के आकर्षक केंद्र के रूप में उभर रहा है। यह विकास न केवल आर्थिक समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करेगा, बल्कि आने वाले समय में धमतरी को रोजगार, नवाचार और आत्मनिर्भरता का मजबूत मॉडल भी बनाएगा।


